Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ट्रांजिट कैंप में नाली निर्माण में हो रही भारी धांधली

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दुर्गा मंिंदर मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से हो रहे नाली निर्माण के कार्य में खुलेआम धांधलियां बरती जा रही हैं। सम्बन्धित ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण कार्य में नई ईंटों के साथ पुरानी ईंटों का भी धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है साथ ही निर्माण कार्य को छिपाने के लिए तत्काल नाली का प्लास्टर भी कर दिया जा रहा है। खुलेआम हो रही इस धांधली से क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी आंखें मूंदे हुए हैं। यदि निगम प्रशासन द्वारा नाली निर्माण कार्य की गहन छानबीन की जाये तो एक घोटाला सामने आ सकता है। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दुर्गा मंदिर मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। इस मार्ग पर जहां भारत, इण्डेन व एचपी के सिलेंडरों की आपूर्ति की जाती है वहीं डिपो में खाद्यान्न लेने के लिए भी सैकड़ों की संख्या में लोग आते हैं। इसी मार्ग पर हो रही नाली निर्माण कार्य में सम्बन्धित ठेकेदार द्वारा पुरानी निर्मित नाली से निकाली गयी ईंटों को साफ कर पुनः उसका निर्माण कार्य में उपयोग किया जा रहा है। यह सब कार्य उक्त मार्ग से होकर गुजरने वाले लोग देख रहे हैं। इतना ही नहीं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी इससे अनभिज्ञ नहीं होंगे। बावजूद इसके उनके द्वारा ठेकदार को गलत कार्य करने से नहीं रोका जा रहा जिससे उत्साहित होकर ठेकेदार नई ईंटों के साथ पुरानी ईंटों का भी धड़ल्ले से निर्माण कार्य में उपयोग कर रहा है और हाथोंहाथ नाली का प्लास्टर भी कर दिया जा रहा है ताकि पुरानी ईंटे निर्माण कार्य में दिखायी न दें। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से जब नाली निर्माण में पुरानी ईंटों के इस्तेमाल की जानकारी ली तो उसका कहना था कि उसे जैसा आदेश मिला है कर रहा है। यदि प्रशासनिक एवं निगम अधिकारियों ने इस ओर प्राथमिकता से ध्यान नहीं दिया तो सरकारी राजस्व का दुरूपयोग होगा। नाली निर्माण की गहन छानबीन करना आवश्यक हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *