दिवाली मिलन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने राहुल गांधी से की मुलाकात, दीपावली की दी शुभकामनाएं
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने की शिरकत,राजनीतिक मुद्दों पर भी किया विचार-विमर्श
नई दिल्ली। उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री हरीश रावत ने दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने धनतेरस एवं दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें त्योहारों की मिठाई भेंट की। श्री हरीश रावत ने इस मुलाकात को आत्मीयता एवं सकारात्मक संकल्प का अवसर बताते हुए श्री राहुल गांधी को अभूतपूर्व सफल रैली के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों के प्रतीक हैं। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच आत्मीय बातचीत भी हुई।उल्लेखनीय है कि दीपावली से पूर्व शुक्रवार को श्री राहुल गांधी ने अपने आवास पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया था। इस दिवाली मिलन कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, सचिन पायलट, कुमारी शैलजा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।सूत्रों के अनुसार, इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) तथा कथित ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। इन विषयों को लेकर कांग्रेस की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह आयोजन मुख्य रूप से दीपावली मिलन एवं पार्टी नेताओं के बीच आपसी संवाद और सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।राहुल गांधी के आवास पर आयोजित इस दीपावली मिलन कार्यक्रम को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के आपसी संवाद और संगठनात्मक एकजुटता के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


