October 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग कार्यक्रम टला,कल होगा आयोजन

राहुल गांधी बोले- इस मुद्दे पर सभी दल साथ हैं

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दलों का प्रस्तावित जन महाभियोग कार्यक्रम एक दिन के लिए टाल दिया गया है। शुक्रवार को होने वाला यह कार्यक्रम अब शनिवार, 31 अक्टूबर को आयोजित किए जाने की बात कही जा रही है। विपक्षी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है, बल्कि केवल एक दिन आगे बढ़ाया गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर एकजुट है और अपने कदम पीछे नहीं खींचेगा। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का कार्यक्रम कल इसी समय आयोजित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को दिल्ली पहुंचने से रोका जा रहा है। राहुल ने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर हो रहे प्रदर्शन दरअसल एक ही विरोध का हिस्सा हैं। इसे अलग-अलग घटनाओं के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने विपक्षी एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सभी दल साथ हैं।

डेरेक ओ’ब्रायन बोले- इंडिया ब्लॉक एकजुट

तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने भी विपक्षी एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक इस लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ एकजुट है और विपक्ष यह लड़ाई जीतकर रहेगा। उनके बयान से साफ है कि कार्यक्रम स्थगित होने के बावजूद विपक्षी गठबंधन अपने विरोध की रणनीति पर कायम है।

धर्मेंद्र यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने कई सीटें जुगाड़ के सहारे जीती हैं, जबकि जिन सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा, वहां हार का अंतर काफी बड़ा रहा। उन्होंने बताया कि जन महाभियोग का कार्यक्रम अब शनिवार को होगा और इसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी शामिल होंगे।

मौसम को देखते हुए लिया गया फैसला

सूत्रों के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित जन महाभियोग कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित होना था, लेकिन दिल्ली में मौसम की स्थिति को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया। अब इसके 31 अक्टूबर को होने की संभावना जताई गई है। यह कार्यक्रम विपक्षी गठबंधन की रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली से एक दिन पहले आयोजित किया जाना है। रामलीला मैदान में होने वाली इस रैली का मुद्दा मुख्य चुनाव आयुक्त और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष का विरोध है।

खरगे के आवास पर हुई थी तैयारी बैठक

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को हुई बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश और केसी वेणुगोपाल के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीरा कुमार शामिल हुईं। बैठक में टीएमसी के डेरेक ओ’ब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी और माकपा के जॉन ब्रिटास समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।बताया गया कि विपक्षी गठबंधन को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब और तालकटोरा स्टेडियम जैसे स्थान उपलब्ध नहीं हो सके, जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की गई। फिलहाल विपक्षी दलों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम को केवल एक दिन के लिए आगे बढ़ाया गया है और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *