October 30, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आदि कैलाश यात्रा पर आए मध्य प्रदेश के युवक की मौत

धारचूला (उद संवाददाता)। आदि कैलाश यात्रा पर आए मध्य प्रदेश के एक युवा यात्राी की अचानक सांस लेने में दिक्कत होने के कारण मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। इस सीजन में आदि कैलाश यात्रा के दौरान अब तक तीन यात्रियों की जान जा चुकी है। इन दिनों व्यास घाटी और दारमा घाटी में पहाड़ों की चोटियों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मृतक की पहचान छब्बीस वर्षीय तिलक शर्मा पुत्र मनोज शर्मा, निवासी नियर नगर निगम रोड, चौबीस शटर गली, इंदौर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। एसडीएम आशीष जोशी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि थाना गुंजी से सूचना मिली कि मृतक गुरुवार को अपने दोस्तों के साथ आदि कैलाश यात्रा पर आए थे। शुक्रवार को यात्रा के दौरान आदि कैलाश क्षेत्र में उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत गुंजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उपचार और चिकित्सकीय प्रक्रिया के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके पश्चात शुक्रवार सुबह छह बजे वाहन के जरिए शव को धारचूला लाया गया, जिसे वर्तमान में उप चिकित्सालय धारचूला में रखा गया है। मृतक के दोस्त प्रतीक शर्मा ने बताया कि वे कुल सात लोग थे और गुरुवार को आदि कैलाश के दर्शन कर लौट रहे थे। तभी शाम के समय तिलक शर्मा को ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। दोस्तों ने अपने पास मौजूद ऑक्सीजन किट से उन्हें ऑक्सीजन भी दी, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें तुरंत उपचार के लिए गुंजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सा अधिकारी डॉ- राजेश गुंज्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि मृतक के संबंध में आवश्यक पंचायतनामा भरने और डॉक्टर द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *