पिथौरागढ़ को मिली 284 करोड़ की 67 विकास परियोजनाओं की सौगात
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ दौरे के दौरान जिले को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 284 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 67 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार मजबूत इंÚास्ट्रक्चर के निर्माण के साथ प्रदेश के सभी क्षेत्रों के समेकित और संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इन विकास परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से जहां आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज बनने से सीमांत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का प्रयास है कि पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बेहतर उपचार के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घण्टाकरण स्थित सीमान्त सेवा फाउण्डेशन द्वारा संचालित सीमान्त नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इसे सीमांत क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पिथौरागढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिथौरागढ़ की जनता से मिला स्नेह और युवाओं का उत्साह उन्हें प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वागत एवं समर्थन के लिए क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया।




