October 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी ने नशामुक्त उत्तराखंड वॉकथॉन को दिखाई हरी झंडी,युवाओं से खेल,योग और व्यायाम अपनाने की अपील

देहरादून (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को डॉ- बीआर आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी, देहरादून में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित नशामुक्त उत्तराखंड वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण की शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने वाला अभियान है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करने के साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर भी प्रतिकूल असर डालता है। ऐसे में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आ“वान किया कि वे खेल, योग और व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। अच्छी संगति और सकारात्मक सोच अपनाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा नशामुक्ति अभियान में केवल सहभागी बनकर न रहें, बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाएं और अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। परिवार और शिक्षण संस्थानों की भूमिका भी इस दिशा में महत्वपूर्ण है। सामूहिक जागरूकता और निरंतर प्रयासों से युवाओं को नशे से दूर रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही जनजागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। नशे की समस्या से निपटने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड का संकल्प प्रत्येक व्यक्ति के आचार, विचार और व्यवहार का हिस्सा बनना चाहिए। सभी के साझा प्रयासों से ही स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त उत्तराखंड का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *