October 16, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुष्यंत की नियुक्ति के विरोध में कांग्रेस ने निकाली बाइक रैली, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी पहुंची

देहरादून (उद संवाददाता)। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने राजधानी में दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक और स्कूटर रैली निकालकर नियुक्ति पर नाराजगी जताई। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रीतम सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता प्रदर्शन में शामिल रहे। कुमारी शैलजा और गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस की रैली शिमला बाईपास चौक से निकाली गई। कांग्रेस की मांग है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति पर रोक लगाई जाए। उधर, अंकिता न्याय यात्र संघर्ष मंच के बैनर तले लोगों ने गांधी पार्क के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर अंकिता के लिए न्याय की मांग उठाई। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी सक्रिय है। बुधवार को दिल्ली के इंडिया गेट पर धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुलाकात की थी। अंकिता के परिवार ने भी दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का विरोध किया है। परिवार की मांग है कि जांच पूरी होने तक नियुक्ति पर रोक लगाई जाए। गुरुवार सुबह दिल्ली पुलिस अंकिता के माता-पिता को इंडिया गेट से हिरासत में लेकर गई थी। करीब दो घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और जांच पूरी होने तक गौतम को पदभार नहीं देने की अपील की है। इससे पहले गुरुवार को उत्तराखंड में कांग्रेस ने लोकभवन के बाहर भी प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और हरक सिंह रावत समेत करीब 60 नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *