सीएम धामी ने मंत्रियों के साथ की गंगा पूजा
हरिद्वार (उद संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की विधिवत पूजा अर्चना और आरती की। मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन के साथ देश और प्रदेश की सुख समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख रहते हुए उन्होंने सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की। गंगा पूजन और आरती के दौरान मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल के सहयोगी मौजूद रहे। इसके बाद गंगा तट पर स्थित मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा किनारे कैबिनेट बैठक आयोजित करना प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें करने की पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रें के और अधिक निकट लाने तथा स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से अलग-अलग जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर रही है। इससे पहले चंपावत जिले के बनबसा में भी कैबिनेट बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने से क्षेत्रीय आवश्यकताओं और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को शासन स्तर पर प्राथमिकता देने में मदद मिलती है। इसके माध्यम से जनहित से जुड़े निर्णयों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।


