October 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बरसाती नाले में बही स्कूटी युवक की मौत,दूसरा गंभीर

पिथौरागढ़ (उद संवाददाता)। थल बेरीनाग सड़क पर बरड़ के पास रविवार रात उफनाए बरसाती नाले में स्कूटी सवार दो युवक बह गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने घायल युवक को गदेरे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। रात में अंधेरा होने के कारण दूसरे युवक की तलाश नहीं हो सकी। सोमवार सुबह पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने खोजबीन शुरू की तो उसका शव गदेरे में पड़ा मिला। जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के नैनोली भगतोला निवासी 18 वर्षीय गौरव कुमार पुत्र गिरीश राम और तिल गांव निवासी हिमांशु नयाल पुत्र शिवपाल सिंह नयाल धारचूला की दारमा घाटी घूमने गए थे। दोनों रविवार रात स्कूटी से अल्मोड़ा लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे थल से लगभग चार किलोमीटर दूर बरड़ के पास बारिश के कारण बरसाती नाला उफान पर था। नाला पार करते समय उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर पानी के तेज बहाव में बह गई और नीचे गहरे गदेरे में जा समाई। हादसे के दौरान दोनों युवकों के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने घायल अवस्था में गौरव कुमार को गदेरे से बाहर निकाला और तत्काल थल अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, हिमांशु नयाल तेज बहाव में बह गया। रात होने के कारण उसकी तलाश नहीं की जा सकी। सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद हिमांशु का शव गदेरे में मिला। घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है। थल के थानाध्यक्ष गणेश भट्टð के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *