October 8, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नहीं रहे मशहूर अभिनेता “नाना पाटेकर” : देशभर के प्रशंसकों में शोक की लहर, सिनेमा जगत गमगीन

भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली और बहुमुखी कलाकारों में शामिल थे नाना पाटेकर
गोवा। हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत के साथ राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। उन्होंने गोवा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें तड़के गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक लगातार सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पुनर्जीवित नहीं किया जा सका। मणिपाल अस्पताल के डॉक्टर डॉ. शेखर सालकर के मुताबिक, नाना पाटेकर को उनके गोवा स्थित आवास पर गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था। उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकीय टीम ने लंबे समय तक पुनर्जीवन का प्रयास किया। इसके बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मामले में मेडिको-लीगल केस (MLC) दर्ज किया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
रिपोर्टों के अनुसार, नाना पाटेकर ने सुबह से पहले तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। इसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह अपने आवास पर बेहोश पाए गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अभिनेता के तौर पर उनकी सबसे बड़ी विशेषता उनका सहज लेकिन बेहद प्रभावशाली अभिनय था। वह संवादों को जिस तीव्रता और भावनात्मक गहराई के साथ प्रस्तुत करते थे, उसने उन्हें भारतीय सिनेमा के यादगार कलाकारों की कतार में खड़ा कर दिया। नाना पाटेकर के निधन से हिंदी और मराठी फिल्म जगत ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसकी आवाज, अभिनय शैली और यादगार किरदार आने वाली पीढ़ियों तक दर्शकों के बीच जीवित रहेंगे। विश्वनाथ पाटेकर, जिन्हें पूरी दुनिया नाना पाटेकर के नाम से जानती है, भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली और बहुमुखी कलाकारों में शामिल थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1951 को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुरुड-जंजीरा में हुआ था। वह सिर्फ अभिनेता ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक भी रहे। उन्हें भारतीय सिनेमा के बेहतरीन और प्रभावशाली अभिनेताओं में गिना जाता है।

पीएम मोदी ने नाना पाटेकर को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर में जबरदस्त जोश, अनोखापन और दमदार मौजूदगी थी, जो बहुत कम अभिनेताओं में देखने को मिलती है। उन्होंने अपने हर किरदार में शानदार विविधता और रचनात्मकता दिखाई और ऐसे पात्र निभाए, जिन्हें पीढ़ियों तक याद रखा जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि नाना पाटेकर अपने बेबाक और स्पष्ट विचारों के लिए भी जाने जाते थे और अपनी बात कहने में कभी नहीं हिचकिचाते थे। हिंदी और मराठी सिनेमा में उनका योगदान बहुत बड़ा था और उनके निधन से एक बड़ी कमी महसूस होगी।
योगी आदित्यनाथ ने बताया अपूरणीय क्षति
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि मशहूर अभिनेता, सशक्त थिएटर कलाकार और संवेदनशील समाजसेवी पद्म श्री नाना पाटेकर जी का निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अपनी बेहतरीन अदाकारी से उन्होंने भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। भगवान श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
नाना पाटेकर के निधनपर फडणवीस ने जताया गहरा दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्गज अभिनेता और अपने करीबी दोस्त नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नाना का असमय और अचानक जाना दिल को गहरा सदमा देने वाला है। मन दुख से भरा हुआ है। फडणवीस ने कहा कि नाना पाटेकर जितने शानदार पर्दे पर थे, उतने ही शानदार उनके विचार भी थे। उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा को एक पूरा दौर दिया। एक देशभक्त के तौर पर उनकी छवि दर्शकों के दिलों में गहराई तक बसी थी। ‘क्रांतिवीर’ से लेकर ‘नटसम्राट’ तक उन्होंने अभिनय का शानदार और बेजोड़ ताना-बाना बुना। एक अभिनेता के तौर पर उनका जाना बहुत बड़ी क्षति है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, जीवंत अभिनय ने हिंदी सिनेमा को समृद्ध किया
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने सशक्त अभिनय और प्रभावशाली संवाद से भारतीय सिनेमा में एक विशिष्ट पहचान बनाई। विभिन्न भूमिकाओं में उनके जीवंत अभिनय ने हिंदी सिनेमा को समृद्ध किया। उनका निधन फिल्म व कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
नितिन गडकरी ने दी श्रद्धांजलि
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शोक जताया। गडकरी ने कहा कि नाना पाटेकर ने अपनी दमदार अदाकारी और संवाद अदायगी के खास अंदाज से कई किरदारों को अमर बना दिया। मराठी और हिंदी सिनेमा में पांच दशक से अधिक समय तक उन्होंने दर्शकों के दिलों पर राज किया। गडकरी ने कहा कि उनका निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ी क्षति है। गडकरी ने कहा कि नाना पाटेकर के साथ उनके करीबी और दोस्ताना संबंध थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *