कैबिनेट बैठक और खटीमा में आदि रंगोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट
रुद्रपुर। बनबसा चम्पावत में चार अक्टूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक और खटीमा में आयोजित होने वाले उत्तराखंड आदि रंगोत्सव कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रमों में कैबिनेट मंत्रियों, शासन के उच्चाधिकारियों के साथ ही तीन केंद्रीय मंत्रियों के आगमन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने व्यवस्थाओं के संचालन के लिए नोडल और सह नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियों को समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। शनिवार सुबह जिलाधिकारी ने नामित सभी नोडल और सह नोडल अधिकारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने अधिकारियों को अपने अपने विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का धरातल पर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, ताकि कार्यक्रमों के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो। जिलाधिकारी ने विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल एवं सह नोडल अधिकारी नामित करते हुए उन्हें संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तैयारियों में किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। ब्रीफिंग में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट आशिमा गोयल, डीएफओ यूसी तिवारी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम ऋचा सिंह सहित नोडल एवं सह नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
