प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धः धन सिंह
शिक्षा मंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ- धन सिंह रावत ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालय तल्ली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आंगन का मिलन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों की शिक्षा और पोषण तक सीमित न रहें, बल्कि माताओं, बच्चों और परिवारों के लिए जागरूकता और संवाद के सशक्त मंच बनें। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला आंगन का मिलन अभियान सेवा, पोषण, स्वास्थ्य और जनसहभागिता का व्यापक अभियान बनेगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक टॉपर छात्र छात्र को सरकार की ओर से लैपटॉप दिया जाएगा। इंटरमीडिएट के बाद डिग्री कॉलेज में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये की सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहली बार छात्र संघ चुनावों में बेटियों को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान का गंभीरता से क्रियान्वयन करने और इसका व्यापक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए। कार्यक्रमों की फोटो और वीडियो विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत दो लाभार्थियों को 51 51 हजार रुपये के चेक दिए गए। गोद भराई कार्यक्रम के तहत चार लाभार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए। चार लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। शिक्षा मंत्री ने प्राथमिक विद्यालय तल्ली के लिए शीघ्र एक अतिरिक्त कक्ष स्वीकृत करने की घोषणा की। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक निदेशक निश्चल पांडे, भाजपा महिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन भट्टð, मंडल अध्यक्ष युगल शर्मा, पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष मनोज शाह, दिनेश खुल्बे, बाल विकास परियोजना अधिकारी किरन जोशी, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी पुष्कर लाल टम्टा, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, प्रधानाचार्य मीना आर्य, डॉ- रिचा शुक्ला, डॉ- कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, सुपरवाइजर पूनम गोस्वामी सहित विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां, आशा कार्यकर्तियां, छात्र छात्रएं और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
