विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सीईओ ने जिलाधिकारियों के साथ की बैठक
आयोग की गाइडलाइन के अनुसार चरणबद्ध तैयारी पूरी करने के निर्देश
देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जनपदों के जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक में उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चुनाव तैयारियों को समयबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मतदान केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर वहां भवन की स्थिति, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं और मतदान कार्मिकों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली जाएं।
अधिकारियों और कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर
डॉ. पुरुषोत्तम ने आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी डीईओ, आरओ और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर के प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपदों को स्वीप प्लान तैयार करने के साथ ही बूथ एवं विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण तैयार करने को कहा। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी के लिए आवश्यक वाहनों और कार्मिकों की सूची भी समय रहते तैयार करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारी कर सकते हैं उत्तराखंड का दौरा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारियों को बताया कि आगामी माह में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उत्तराखंड का भ्रमण किया जा सकता है। इस दौरान प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के संभावित निरीक्षण से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की भी समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान की स्थिति और अब तक हुई कार्रवाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
