September 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

स्ट्रांग रूम प्रकरण विधानसभा में उठाएंगे बेहड़

प्रेस वार्ता में बोले बेहड़ विशेषाधिकार हनन के रूप में उठाएंगे मामला
किच्छा । नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में रखे जाने के समय हुई कथित हाथापाई के मामले को लेकर विधायक तिलकराज बेहड़ ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके साथ हाथापाई की गई और मौके पर मौजूद वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें बचाने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। विधायक बेहड़ ने कहा कि पूरे प्रकरण को विधानसभा सत्र में विशेषाधिकार हनन के रूप में उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार का व्यवहार प्रोटोकॉल और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। बेहड़ ने आरोप लगाया कि घटना सुनियोजित थी और इसे कथित षडड्ढंत्र का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यदि उनका विवाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ होता तो स्थिति अलग होती, लेकिन उनके अनुसार उन पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। विधायक ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आम तौर पर प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम की निगरानी से नहीं रोका जाता, लेकिन इस बार प्रत्याशियों को निगरानी से दूर रखा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के साथ कथित धक्का मुक्की का भी उल्लेख किया। साथ ही आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारियों द्वारा मतदाताओं की मतपर्चियों की जांच की जा रही थी, जबकि उनके अनुसार मतपर्चियों की जांच का अधिकार निर्धारित निर्वाचन अधिकारियों को ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *