September 18, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

किच्छा निकाय चुनाव:‘भाजपा के ‘बाहरी’ वार का नहीं दिखा असर

किच्छा। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच मुकाबला तेज हो गया है। भाजपा की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के बाहरी होने का मुद्दा लगातार चुनाव प्रचार में उठाया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी संदीप अरोड़ा के समर्थक जनसंपर्क के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से मतदाताओं के बीच रख रहे हैं। हालांकि किच्छा के चुनावी माहौल में फिलहाल बाहरी होने का यह मुद्दा कोई खास असर डालता नजर नहीं आ रहा है। भाजपा से संदीप अरोड़ा कांग्रेस से राजेश प्रताप सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू चुनाव मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर जनसंपर्क में जुटे हैं। बैठकों और घर-घर संपर्क के जरिए मतदाताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी लगातार जारी है। चुनावी चर्चा में नगर की बुनियादी समस्याएं भी प्रमुखता से सामने आ रही हैं। सड़क और जल निकासी के साथ सफाई व्यवस्था पेयजल कूड़ा उठान और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दे लोगों की बातचीत में शामिल हैं। बाजार क्षेत्रों में यातायात और पार्किंग की समस्या भी मतदाताओं के लिए अहम विषय बनी हुई है। ऐसे में चुनावी बहस केवल प्रत्याशी स्थानीय है या बाहरी इस सवाल तक सीमित नहीं है बल्कि नगर की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर भी मतदाता अपनी अपेक्षाएं सामने रख रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल रशीद जक्कू भी चुनाव प्रचार में सक्रिय हैं। वह खासतौर पर मुस्लिम बहुल वार्डों में जनसंपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। वहीं भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान को लगातार गति दे रहे हैं। फिलहाल भाजपा द्वारा उठाया जा रहा बाहरी होने का मुद्दा चुनावी चर्चा में जरूर है लेकिन इसका व्यापक असर दिखाई नहीं दे रहा है। चुनाव प्रचार अंतिम दौर की ओर बढ़ रहा है और ऐसे में प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि के साथ स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दे भी मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *