September 16, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गोवंश लेकर सड़क पर उतरीं महिलाएं,हाईवे जाम

अल्मोड़ा । पहाड़ के ज्वलंत मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के धरना प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा तफरी मच गई, जब महिला कार्यकर्ता बेसहारा गोवंश को लेकर त्रिमूर्ति चौराहा पहुंच गईं। गोवंश के सड़क पर पहुंचने से कर्णप्रयाग हाईवे पर जाम लग गया। छोटे बड़े वाहन जहां तहां फंस गए। पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी की अगुआई में बुधवार को उक्रांद कार्यकर्ता त्रिमूर्ति चौराहा पर धरना देने पहुंचे थे। इस दौरान नगर और आसपास के गांवों से महिला कार्यकर्ता गाय, बैल और बछड़ों को हांककर रानीखेत रोड स्थित त्रिमूर्ति चौराहा ले आईं। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन के दौरान जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर धामी सरकार को घेरते हुए कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में पहाड़ पलायन की मार झेल रहा है। खेतीबाड़ी को बचाने के लिए ठोस नीति नहीं बनने से लोग खेतों से विमुख हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेसहारा गोवंश की समस्या पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कानून की बात तो दूर, सरकार गोसदन तक बनाने में नाकाम रही है। हाईवे पर जाम की सूचना पर एसडीएम सुनील राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और एसडीएम व थानाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हंगामे के बीच पुलिस जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन और हंगामा जारी था तथा हाईवे पर यातायात सुचारू नहीं हो सका था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *