चरस की खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। नशा मुक्ति अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। डॉ- मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान मनोज चंद्र के कब्जे से 609 ग्राम और संजय चंद्र के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम चरस बरामद होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या यूके04 टीबी 8402 को भी कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्टð निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, जनपद चंपावत, उम्र 29 वर्ष तथा संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र निवासी अनरिया, तहसील पाटी, जनपद चंपावत, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में मुकदमा अपराध संख्या 116/26, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया, एसटीएफ कुमाऊं रेंज के उपनिरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत और हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा शामिल रहे।
