September 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

महंगाई के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल

लखनपुर चौक पर गूंजी आवाज-महंगाई कम करो, वरना गद्दी खाली करो
रामनगर (उद संवाददाता)। बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को रामनगर के लखनपुर चौक पर महिला एकता मंच से जुड़ी महिलाओं ने धरना प्रदर्शन किया। दर्जनों महिलाओं ने सड़क किनारे धरना देकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। धरने के दौरान महिला एकता मंच की सदस्य ललिता रावत ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है और इसका सबसे ज्यादा असर आम और गरीब परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जुलाई में जिस चीनी का दाम करीब 40 से 45 रुपये किलो था, वह सितंबर आते आते 65 से 70 रुपये किलो तक पहुंच गया है। ऐसे में आम आदमी के लिए रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदना मुश्किल होता जा रहा है। ललिता रावत ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन वस्तुओं का उत्पादन देश में ही हो रहा है, उनके दाम लगातार क्यों बढ़ रहे हैं, यह समझ से परे है। महंगाई बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की थाली प्रभावित हो रही है और लोग लगातार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। महिला एकता मंच ने रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। ललिता रावत ने कहा कि जंगल से चूल्हे के लिए लकड़ी लाने पर रोक लगा दी गई है, लेकिन दूसरी ओर गैस सिलेंडर के दाम करीब एक हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। धरने के दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा सरकार होश में आओ, महंगाई पर लगाम लगाओ, जमाखोरी सट्टेबाजी नहीं चलेगी, महंगाई कम करो, वरना गद्दी खाली करो जैसे नारों से लखनपुर चौक गूंज उठा। महिला एकता मंच ने केंद्र सरकार से महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करने और आम जनता को राहत देने की मांग की। मंच की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि महंगाई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो वर्ष 2027 में सरकार के खिलाफ पुरजोर विरोध किया जाएगा और बहिष्कार का अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *