मायके आती महिला की बाईक से गिरकर मौत
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। गुरूवार की सायं रामपुर से अपने पुत्र व पुत्र वधू के साथ बाईक पर सवार होकर किच्छा स्थित अपने मायके आ रही महिला मार्ग में केमरी के पास अचानक आये स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गये। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम रामनगर रामपुर निवासी 45 वर्षीय सुनीता पत्नी मोहनलाल गुरूवार की दोपहर 2 बजे पुत्र दीपक व पुत्रवधूू कुसुम के साथ मोटरसाईकिल पर सवार होकर पुरानी गल्ला मंडी किच्छा स्थित अपने मायके आने के रवाना हुई थी। जब सभी मार्ग में केमरी के पास पहुंचे तो अचानक सामने आये स्पीड़ पर बाईक उछली जिससे पीछे बैठी सुनीता खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाई और बाईक से छिटककर सिर के बल सड़क पर आ गिरी । जिससे उसके सिर से खून की धारा फूट पड़ी। परिजन उसे उपचार के लिए तत्काल बिलासपुर चिकित्सालय ले गये जहां उनकी तबीयत बिगड़ते देख परिजन सुनीता को रूद्रपुर के एक निजी चिकित्सालय ले गये। परंतु उपचार के दौरान वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। सुनीता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भिजवाया। मृतका सुनीता का पुत्र अर्जुन व पुत्री पूनम भी हैं। पति मोहनलाल बिजली मैकेनिक है।
