September 3, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फ्लाइंग कार बनाने वाले रवि टम्टा से मिले मुख्यमंत्री

देहरादून । फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को फ्रलाइंग कार के निर्माण से जुड़े अपने तकनीकी नवाचार, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवि टमटा के अभिनव प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का प्रयास है कि ऐसे युवाओं को अपने नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं के सपनों को पंख देना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के युवा नए विचारों और आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सरकार उनके नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ ही उसे धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की प्रचलित स्टार्टअप और औद्योगिक नीतियों के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने तथा आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा भी कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन, विद्युत आधारित परिवहन, अंतरिक्ष एवं विमानन तकनीक सहित अन्य आधुनिक क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे नवाचार न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में नई तकनीकों के प्रयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि ऐसे प्रकल्पों के लिए तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन आवश्यक होगा। रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्रलाइंग कार प्रकल्प की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि वह इस क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं और भविष्य में इसे और विकसित करने की दिशा में प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नया उत्तराखंड केवल विकास परियोजनाओं से नहीं, बल्कि युवाओं के नए विचारों, नवाचार और उद्यमिता से भी बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *