शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में खोला मोर्चा: थानों और चौकियों में सौंपी गयी तहरीर
देहरादून /हल्द्वानी/रूद्रपुर/किच्छा(उद संवाददाता)। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशभर में थानों, कोतवालियों और पुलिस चौकियों में तहरीर देने का अभियान शुरू किया। पार्टी की ओर से शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi के खिलाफ दर्ज FIR के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से AICC सदस्य एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री Suryakant Dhasmana के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने अमित कुमार की शिकायत पर दर्ज FIR को निरस्त करने तथा 8 अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने वाले गिरिश पाण्डेय एवं उनके साथियों के खिलाफ BNS व SC/ST Act के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही शिकायतकर्ता अमित कुमार के राजनीतिक संबंधों की जांच की मांग भी की गई। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि संविधान, सामाजिक न्याय और सम्मान की रक्षा की यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी। इसी क्रम में देहरादून में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ- जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता धारा चौकी पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने हल्द्वानी की घटना को लेकर पुलिस को तहरीर सौंपते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही। कांग्रेस नेताओं के धारा चौकी पहुंचने के दौरान चौकी प्रभारी मौजूद नहीं थे। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ता चौकी परिसर में ही जमीन पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में ही तहरीर सौंपना चाहते हैं और संबंधित अधिकारी के आने का इंतजार करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना आपत्तिजनक है। उनका आरोप है कि इस घटना से सामाजिक सद्भाव और सम्मान की भावना को ठेस पहुंची है। इसी के विरोध में कांग्रेस संगठन ने प्रदेशभर में थानों, कोतवालियों और पुलिस चौकियों में पहुंचकर तहरीर देने का निर्णय लिया है। कांग्रेस संगठन के निर्देश पर सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में पार्टी नेता और कार्यकर्ता संबंधित थानों, कोतवालियों और पुलिस चौकियों में पहुंचे। पार्टी की ओर से पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
