August 27, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बस से 348 कनस्तर लीसा बरामद,चार गिरफ्तार

बाजपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान बाजपुर पुलिस ने अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए पर्यटक बस से भारी मात्रा में लीसा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त पर्यटक बस को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार त्योहारों के दृष्टिगत जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली बाजपुर की सुल्तानपुर पट्टðी चौकी पुलिस छोई मोड़ पर जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने पर्यटक बस संख्या यूके 12 पीबी 0381 को रोककर तलाशी ली। बस के भीतर चालक मनोज सिंह के अलावा भवान सिंह, हेमचंद्र महतोलिया और पान सिंह मौजूद मिले। पुलिस के अनुसार बस की सभी सीटें उखाड़ी गई थीं और फर्श पर काली पन्नी बिछाई गई थी। पन्नी हटाकर जांच करने पर नीचे भारी मात्रा में लीसे के कनस्तर मिले। बस की डिग्गी की तलाशी लेने पर वहां भी लीसा बरामद हुआ। पुलिस ने बस से कुल 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद किया। बरामद लीसे की अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पूछताछ में चारों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि इस कार्य में मनोज रावत और पप्पू पाठक भी उनके साथ साझेदार हैं। पुलिस के अनुसार बरामद लीसा मनोज रावत का बताया गया, जिसे द्वाराहाट, अल्मोड़ा से बस में भरकर पुलभट्टðा टोल प्लाजा के समीप पप्पू पाठक की कंपनी उत्तरांचल टेरपीन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड तक पहुंचाया जाना था। माल को सुरक्षित पहुंचाने के एवज में आरोपितों को कमीशन मिलना था। पुलिस के मुताबिक आरोपित लीसे के परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना, लाइसेंस अथवा बस के आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर चारों को मौके से गिरफ्रतार कर लिया गया। उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट की दाखिला फर्द के आधार पर कोतवाली बाजपुर में मुकदमा संख्या 309 वर्ष 2026 धारा 26 और 52 वन अधिनियम के तहत मनोज सिंह समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्रतार आरोपितों में मनोज सिंह निवासी गोड़धड़ा, थाना मुखानी, हल्द्वानी, भवान सिंह निवासी ग्राम देवली, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा, हेमचंद्र महतोलिया निवासी गांधीनगर नंबर दो, बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल तथा पान सिंह निवासी ग्राम जैती, थाना लमगड़ा, जिला अल्मोड़ा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपितों की ओर से कथित रूप से अवैध लीसा दोहन और तस्करी के माध्यम से वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के साथ पर्यावरण को भी प्रभावित किया जा रहा था। आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सुल्तानपुर पट्टðी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी, कांस्टेबल नवल किशोर, कांस्टेबल कैलाश काला और कांस्टेबल रमेश पांडे शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *