August 22, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चार बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत

कांवड़ पटरी मार्ग पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, छह घायल, एक की हालत गंभीर
रुड़की (उद संवाददाता)। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात चार मोटरसाइकिलों की आमने सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि चारों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार और अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात चार मोटरसाइकिलें कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों मोटरसाइकिलों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें सवार युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में मृतकों की पहचान अयान उम्र 18 वर्ष पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू उम्र 24 वर्ष पुत्र कदम सिंह तथा राजीव उम्र 18 वर्ष पुत्र मोल्हड सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है। वहीं घायल आदित्य चंद्रा उम्र 25 वर्ष पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे एम्स अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में चारों मोटरसाइकिलों की आमने सामने भिड़ंत होने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटा रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *