एबीवीपी कार्यकर्ताओं से मारपीट पर थाने में हंगामा, दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
देहरादून (उद संवाददाता)। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और अिखल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस पर मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात पटेलनगर थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ने के बाद घटनाक्रम में शामिल दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं के मुताबिक इन दिनों कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है और संगठन के कार्यकर्ता छात्र छात्रओं की मदद कर रहे हैं। शुक्रवार शाम कुछ कार्यकर्ता सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मी वाहनों की जांच और चालान की कार्रवाई कर रहे थे। आरोप है कि कार्यकर्ताओं की खड़ी बाइकों का भी चालान कर दिया गया। जब एक कार्यकर्ता ने चालान किए जाने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हो गया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट और गाली गलौज की। संगठन के अनुसार विवाद के बाद कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस वाहन में बैठाकर पटेलनगर थाने लाया गया। इस दौरान भी उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद एबीवीपी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटेलनगर थाने पहुंच गए। थाना परिसर में कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि यदि किसी छात्र अथवा कार्यकर्ता से कोई गलती हुई थी तो पुलिस को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए थी। कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर कथित मारपीट और अभद्रता का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर मामले में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप भी लगाया। मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं से बातचीत की और पूरे घटनाक्रम की जांच का आश्वासन दिया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटनाक्रम में शामिल दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच कराने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया
