खुद को एसओजी टीम बताकर कमर्शियल ऑफिस में बड़ी डकैती
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। बरेली रोड स्थित ग्राम गोरापड़ाव क्षेत्र में बुधवार देर रात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक कमर्शियल ऑफिस में घुसकर बड़ी डकैती को अंजाम दिया। लगभग एक दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर ऑफिस में मौजूद लोगों को तमंचे के बल पर डराया और करीब 8 लाख रुपये की नकदी, सोने की चेन-अंगूठियां और 12 मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र के एक ऑफिस में कुछ लोग मौजूद थे। इसी दौरान एक कार ऑफिस के बाहर आकर रुकी। जिस में से करीब 8 से 10 लोग बाहर निकले और हथियारों के साथ ऑफिस में दािखल हो गए। बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ऑफिस में मौजूद लोग सहम गए और किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई।बदमाशों ने ऑफिस में रखे करीब 8 लाख रुपये की रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं। बदमाशों ने जाते समय लोगों के करीब 12 मोबाइल फोन भी लूट लिए, ताकि वारदात के तत्काल बाद पुलिस को सूचना न दी जा सके। इसके बाद सभी बदमाश कार में सवार होकर बरेली रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। सर्विलांस टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान के साथ ही उनके भागने के रास्तों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सभी संभावित सुराग जुटाए जा रहे है। पुलिस घटनास्थल के आस पास व मार्गों पर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है।
