शेर नाला पर 9.93 करोड़ से बने पुल का सीएम ने किया लोकार्पण
चोरगलिया में मुख्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी चोरगलिया में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हल्द्वानी चोरगलिया सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9-93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। पुल के निर्माण से मानसून के दौरान शेर नाला के उफान पर आने से बाधित होने वाला आवागमन अब सुगम होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के चोरगलिया पहुंचने पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी स्थित हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, उत्तराखंड सरकार में विभिन्न दायित्वधारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का कुशलक्षेम पूछते हुए विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लोगों को छोटी छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाना है। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी चोरगलिया सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9-93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। बताया गया कि मानसून के दौरान शेर नाला में जलस्तर बढ़ने और नाला उफान पर आने के कारण हल्द्वानी चोरगलिया सितारगंज मार्ग पर आवागमन कई बार बाधित हो जाता था। इससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आवागमन बाधित होने पर लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित डबल लेन पुल के अस्तित्व में आने से अब मानसून के दौरान आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। पुल से चोरगलिया क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ ही हल्द्वानी, सितारगंज और आसपास के क्षेत्रें से आवागमन करने वाले लोगों को भी लाभ मिलेगा। क्षेत्रीय लोगों ने पुल निर्माण और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ- मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
