नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड का मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण
12 घंटे में पुनर्निर्माण पूरा होने पर अधिकारियों और कार्मिकों की सराहना
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सहसपुर के भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम से लौटते समय प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी पुल के एप्रोच रोड के पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पुनर्निर्माण कार्य में जुटे अधिकारियों, अभियंताओं और कार्मिकों के त्वरित एवं समर्पित प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि नंदा की चौकी पुल का एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशन में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एप्रोच रोड का पुनर्निर्माण मात्र 12 घंटे के भीतर पूरा कर लिया गया। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था शीघ्र सामान्य हो सकी और लोगों को असुविधा से राहत मिली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भविष्य में इस प्रकार की परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
