August 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रूद्रपुर में दर्दनाक हादसाः रिंग रोड पर टहलने निकले दंपति को अज्ञात वाहन ने कुचला

रुद्रपुर। पार्ले चौक से काशीपुर की ओर जाने वाले रिंग रोड पर सोमवार रात खाना खाने के बाद टहलने निकले दंपति की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। तेज रफ्रतार वाहन ने सड़क किनारे टहल रहे पति पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।मृतकों की पहचान 46 वर्षीय संतोष यादव और उनकी 40 वर्षीय पत्नी सुनीता यादव के रूप में हुई है। दंपति रुद्रपुर के साई विहार, धर्मपुर क्षेत्र में रहकर नेस्ले कंपनी में कार्यरत थे। मूल रूप से दोनों उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कुशीनगर क्षेत्र के रहने वाले थे और लंबे समय से रुद्रपुर में रहकर परिवार का पालन पोषण कर रहे थे।बताया जा रहा है कि सोमवार रात खाना खाने के बाद संतोष यादव और उनकी पत्नी सुनीता रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पार्ले चौक से काशीपुर की ओर जाने वाले रिंग रोड पर अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार रिंग रोड और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान कर उसके चालक को जल्द गिरफ्रतार किया जा सके।दंपति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संतोष और सुनीता के पीछे 17 वर्षीय बेटी और 13 वर्षीय बेटा हैं। एक ही हादसे में माता पिता को खोने के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। दंपति के सहकर्मियों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। परिवार की इस दुखद स्थिति को लेकर आसपास के लोग बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *