Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रोडवेज बस की टक्कर से कांवड़िये की मौत,दो गंभीर

हरिद्वार । श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित कांगड़ी फ्लाईओवर पर शुक्रवार सुबह उत्तराखंड परिवहन निगम की बस की टक्कर से एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की एक बाइक पर तीन कांवड़िये सवार होकर कांगड़ी फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक कांवड़िये को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक और घायलों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *