Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ट्रक की टक्कर से बाईक सवार महिला बच्चों सहित घायल

रूद्रपुर (उद संवाददाता)। बुधवार की सायं काशीपुर रोड़ पर बच्चों के साथ बाईक पर सवार होकर घर जा रही महिला को मार्ग में अज्ञात ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। जिससे महिला व उसके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। राह गुजरते लोगों ने सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे एसटीएच हल्द्वानी रैफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन भी चिकित्सालय आ गये। बताया जाता है कि ग्राम जोतवाला केलाखोड़ा निवासी बलविन्दर कौर अपनी दो पुत्रियों के साथ बाईक पर सवार होकर बुधवार की सायं काशीपुर रोड़ पर ग्राम रायपुर से घर वापस लौट रही थी। जब वह ग्राम बागवाला के पास पहुंची तो अचानक तेज गति से आते ट्रक चालक ने उसकी बाईक को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाईक ट्रक के टायरों के नीचे आकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और बलविन्दर तथा उसकी दोनो पुत्रियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। तीनों घायलों को निजी वाहन से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया और महिला के परिजनों को घटना से अवगत कराया गया। चिकित्सकों ने बलविन्दर की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रैफर कर दिया। जबकि उसकी दोनों घायल पुत्रियों का उपचार किया गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया।
दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की  मौत
काशीपुर (उद संवाददाता)। कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के भट्टा कॉलोनी के पास बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक फैक्ट्री से ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस अज्ञात वाहन और जानवर से टक्कर, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार दोहरी वकील, भट्टा कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय राजपाल पुत्र स्वर्गीय ध्यान सिंह बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे फैक्ट्री से अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भट्ट कॉलोनी के पास उनकी बाइक की किसी अज्ञात वाहन अथवा सड़क पर आए किसी जानवर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजपाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *