Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विशेष गहन पुनरीक्षण: दावे-आपत्तियों की सुनवाई का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

बागेश्वर, 4 अगस्त 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचक नामावली से संबंधित दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए 3 से 31 अगस्त तक चल रही सुनवाई प्रक्रिया का मंगलवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय बिलौना नवीन (बूथ संख्या-141) तथा प्राथमिक विद्यालय खोली (बूथ संख्या-128) में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से सुनवाई की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और नोटिस प्राप्त मतदाताओं से बातचीत कर प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निस्तारण भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पात्र मतदाताओं को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए तथा बीएलओ की रिपोर्ट पर संबंधित बीएलए के हस्ताक्षर भी सुनिश्चित किए जाएं, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि बिलौना नवीन बूथ (संख्या-141) पर कुल 1,008 मतदाताओं में से 194 को तथा खोली बूथ (संख्या-128) पर 675 मतदाताओं में से 133 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों पर नियमानुसार सुनवाई कर दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने तथा प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *