Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम ने कांवड़ियों के चरण प्रक्षालन कर किया सम्मान

हरिद्वार (उद संवाददाता)। सावन माह की कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। राज्य सरकार की ओर से अलक नंदा होटल परिसर में कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। मुख्यमंत्री के हरिद्वार पहुंचने पर कांवड़ यात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के स्वास्थ्य और सुविधा के लिए स्थापित मुख्यमंत्री सेवा शिविर का विधिवत उद्घाटन किया तथा शिवभक्तों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को आस्था, सेवा और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बताते हुए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने सेवा शिविर में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। राज्य सरकार की ओर से कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है। समाचार लिखे जाने तक स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम जारी था तथा मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं से संवाद कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *