Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: धामी

हरिद्वार । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण है कि देश का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने वाला जॉब क्रिएटर बन रहा है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय जीवन मूल्यों की भी सीख दी जाती है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही जनशक्ति देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर दिए हैं। उत्तराखंड सरकार भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में भी उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है, जबकि बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को बैंक )ण प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागों की मौजूदगी में युवाओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया जाएगा, ताकि उन्हें स्वरोजगार स्थापित करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के आयोजक एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव, पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं युवा उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *