रुद्रपुर गैंगरेप मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली,आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने रुद्रपुर गैंगरेप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस पर कथित रूप से जानलेवा फायरिंग करने वाले आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की।पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती रुद्रपुर में किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड क्षेत्र में थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए। बताया गया कि रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर बच निकले, जबकि दूसरी युवती को आरोपी अपने साथ गदरपुर क्षेत्र की ओर ले गए। पीड़िता का आरोप है कि उसे हाईवे के समीप जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया और रविवार सुबह ओमेक्स रेलवे अंडरपास के पास झाड़ियों में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बयान दर्ज किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं। वहीं, पुलिस का दावा है कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मुठभेड़ के दौरान की गई कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है।
