Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पहली ही मानसूनी बारिश में धंसा 16 करोड़ का नया पुल, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

लोगों ने निर्माण कार्यों में लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े किये,दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की आवश्यकता
देहरादून: 
देहरादून के नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश का सामना नहीं कर सका। लगातार बारिश के दौरान पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करनी पड़ी।हाल ही में तैयार हुए इस पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल पर यातायात रोक दिया है।उधर, देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड के पास भी भारी जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई स्थानों पर लंबा जाम देखने को मिला। नंदा की चौकी के पास बने नए पुल की एप्रोच रोड का भारी बारिश के बीच क्षतिग्रस्त होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। यदि नया निर्माण पहली ही बरसात में इस तरह सवालों के घेरे में आ जाए, तो यह निर्माण गुणवत्ता और परियोजना की निगरानी पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। यह घटना राज्य सरकार के विकास मॉडल की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाती है। विकास का अर्थ केवल परियोजनाओं का उद्घाटन या प्रचार नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और सुरक्षित निर्माण सुनिश्चित करना भी है। वहीं पुल छतिग्रस्त होने पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्यों में लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े किये है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद ऐसी स्थिति क्यों उत्पन्न हुई? निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जिम्मेदारी किसकी है? क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी बिना स्पष्ट जवाब के रह जाएगा? राज्य सरकार को इस मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय देना चाहिए। जनता के धन से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करना सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं निर्माण में कमी या लापरवाही हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। उत्तराखंड को केवल दिखावटी नहीं, बल्कि टिकाऊ, सुरक्षित और जवाबदेह विकास की आवश्यकता है।
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *