एमडीडीए ने सील किये तीन अवैध निर्माण
देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए हरिद्वार बाईपास और डोईवाला क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे तीन व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। कार्रवाई एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर की गई। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने हरिद्वार बाईपास स्थित मुस्कान होटल वाली गली में बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे एक व्यावसायिक भवन को सील किया। इसके बाद इसी क्षेत्र में निर्माणाधीन एक अन्य अवैध व्यावसायिक भवन पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके अलावा डोईवाला क्षेत्र के कान्हरवाला भानियावाला तिराहे पर बिना अनुमति संचालित एक व्यावसायिक निर्माण को भी नियमानुसार सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की टीम ने निर्माण स्थलों का ण्निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। शिकायत मिलने पर संबंधित स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना स्वीकृति निर्माण करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति किए जा रहे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भवन निर्माणकर्ताओं से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्राधिकरण ने आम नागरिकों से भी अपने क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों की सूचना एमडीडीए को देने की अपील की है, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
