UTU पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, गणेश गोदियाल समेत कई नेता हिरासत में
देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के बीटेक पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को देहरादून में कांग्रेस और एनएसयूआई ने जोरदार प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय परिसर के बाहर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि करीब 400 से 500 कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक विश्वविद्यालय परिसर के बाहर एकत्र हुए थे। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल कर रहे थे। उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यूटीयू पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि छात्रों को न्याय मिल सके। उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से इस्तीफा देने की भी मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल रही है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी। वहीं, प्रदर्शन के उग्र होने पर पुलिस ने गणेश गोदियाल, हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह, ज्योति रौतेला समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल, पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और विपक्ष सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है।
