कम्युनिटी हॉल निर्माण में देरी के खिलाफ धरने पर बैठे बेहड़
पांच करोड़ की परियोजना का भूमि पूजन के बाद भी काम शुरू नहीं होने पर जताई नाराजगी, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
रुद्रपुर । किच्छा में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतीक्षित कम्युनिटी हॉल के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर सियासत गरमा गई है। भूमि पूजन के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ गुरुवार को मंडी परिषद मुख्यालय पहुंचे और सांकेतिक धरने पर बैठ गए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि विकास कार्यों में इसी तरह की उदासीनता बरती गई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग पर करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से कम्युनिटी हॉल का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। इस परियोजना का आठ जुलाई को विधिवत भूमि पूजन भी कराया गया था, जिससे लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। लेकिन भूमि पूजन के कई दिन बाद भी निर्माण स्थल पर कोई काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से संपर्क कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन किसी स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। बेहड़ ने कहा कि निर्माण स्थल का लेआउट तक समय पर तैयार नहीं किया गया और अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण पूरी परियोजना ठप पड़ी रही। निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से क्षुब्ध विधायक मंडी परिषद मुख्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जनता से जुड़े विकास कार्यों को शुरू कराने के लिए जनप्रतिनिधियों को धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और जिन परियोजनाओं का भूमि पूजन हो चुका है, उनका निर्माण निर्धारित समय पर प्रारंभ होना चाहिए। बेहड़ ने कहा कि उनके धरने और विरोध के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए। इसके बाद निर्माण स्थल का लेआउट तैयार कराया गया तथा मजदूरों को भेजकर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि कार्य में अब किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होगी, जिसके बाद उन्होंने अपना धरना समाप्त कर दिया। विधायक ने इस दौरान क्षेत्र में चल रही अन्य विकास परियोजनाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने अस्पताल निर्माण कार्य की धीमी प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी यदि नियमित रूप से निर्माण कार्यों की समीक्षा करें और स्थलीय निरीक्षण करें तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। इस दौरान संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पूर्व पालिकाध्यक्ष दर्शन कोहली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे
