पेड़ों की कटाई के विरोध में धरनास्थल पहुंचे राहुल गांधी, देहरादून-ऋषिकेश हाईवे पर प्रदर्शनकारियों से की मुलाकात
देहरादून: उत्तराखंड में देहरादून-ऋषिकेश (ऋषिकेश-भानियावाला) हाईवे चौड़ीकरण परियोजना को लेकर पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा लगातार चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टों में दावा किया जा रहा है कि इस परियोजना के तहत हजारों पेड़ों की कटाई हो सकती है। इसी को लेकर स्थानीय लोगों, पर्यावरण प्रेमियों, छात्रों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का विरोध प्रदर्शन जारी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ऋषिकेश की ओर लौट रहे थे। इस दौरान उनका काफिला देहरादून-ऋषिकेश हाईवे पर ‘7 मोड़’ के पास रुका, जहां पिछले 11 दिनों से हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के विरोध में धरना चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी को बताया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है, लेकिन उनके अनुसार प्रदर्शन में शामिल लोगों, जिनमें कुछ छात्र भी शामिल हैं, के खिलाफ कार्रवाई और मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। एक छात्र ने कहा, “हम 11 दिनों से लगातार विरोध कर रहे हैं। सुबह से भूखे-प्यासे सड़कों पर खड़े हैं और हमें जबरन हटाया जा रहा है।” वहीं एक युवती ने कहा, “हम सिर्फ इन पेड़ों को बचाना चाहते हैं। हमारी बात कोई नहीं सुन रहा।”राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों की बातें सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी चिंताओं को उचित मंच पर उठाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की कटाई रोकने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।
