मारपीट कर रहे तथाकथित किन्नरों को धुना
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सोमवार की देर सायं ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र में गोल मढ़ैया के पास खुद को किन्नर बता रहे लोगों ने किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों से मारपीट कर दी। आरोप है उन्होंने उनके घरों व दुकानों में जाकर तोड़फोड़ भी की। जिसके बाद तथाकथित किन्नरों ने कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा भी किया। इसकी जानकारी मिलने पर नगर के किन्नर गुरू पिंकी उर्फ सुनीता अपनी कई साथियों के साथ वहां आ पहुंची और उन्होंने हंगामा कर रहे तथाकथित किन्नरों की जमकर पिटाई कर दी और पुलिस से इन्हें नकली किन्नर बताते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। बताया जाता है कि सोमवार की देर सायं गोल मढ़ैया में किन्नरों के वेष में कुछ लोग स्थानीय लोगों से अभद्रता कर रहे थे। जिसका विरोध करने पर लोगों का उनसे विवाद हो गया। देखते ही देखते तथाकथित किन्नरों ने लोगों से अभद्रता कर मारपीट शुरू कर दी और उनके घरों व दुकानों में जाकर सामान पलट दिया। जिसके बाद वहां हंगामा हो गया। इसी दौरान लोगों के साथ तथाकथित किन्नर कोतवाली जा पहुंचे और वहां उन्होंने जमकर हंगामा कर पुलिस कर्मियों से भी अभद्रता करनी शुरू कर दी। मामले की सूचना मिलने पर नगर की किन्नर गुरू पिंकी उर्फ सुनीता अपनी कई साथियों के साथ कोतवाली आ पहुंची और उन्होंने हंगामा कर रही तथाकथित किन्नरों को नकली बताते हुए उनकी पिटाई करनी शुरू कर दी। उनका आरोप था कि यह सभी आदमी है और किन्नरों का रूप बनाकर लोगों को परेशान कर रहे है। पिंकी का यह भी आरोप था कि कुछ लोग किन्नर के वेष में किराये पर कमरा लेकर गलत काम कर असली किन्नरों को बदनाम कर रहे हैं। ऐसे लोगों की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाये। कोतवाली के समक्ष स्थानीय लोगों ने नारेबाजी के बीच आरोप लगाते हुए बताया कि क्षेत्र में नकली किन्नर काफी समय से सक्रिय हैं। इनको जेल भेजना चाहिए। बताया जाता है कि तथाकथित किन्नरों की मारपीट सेे कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। जिन्होंने चिकित्सालय में अपना उपचार करवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
