अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत
रेलवे स्टेशन पर पुष्पवर्षा और जयघोषों के बीच हुआ अभिनंदन
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के बैनर तले पवित्र अमरनाथ यात्रा पूरी कर लौटे शिव भक्तों के जत्थे का सोमवार को रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई और बम भोले तथा हर हर महादेव के जयघोषों से पूरा रेलवे स्टेशन भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। यात्रा पर गए जत्थे में महापौर विकास शर्मा भी शामिल रहे। गौरतलब है कि 4 जुलाई को श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के तत्वावधान में श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। पवित्र यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर सोमवार को सभी श्रद्धालु सकुशल रुद्रपुर लौटे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बाबा बर्फानी के दर्शन का सौभाग्य मिलना जीवन का अत्यंत पावन और अविस्मरणीय अनुभव है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और दुर्गम मार्गों के बीच सम्पन्न होने वाली यह यात्रा श्रद्धा, आस्था और आत्मिक शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने यात्रा के सफल आयोजन के लिए श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समाजसेवी जगदीश तनेजा ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य सुनाया था। इसी कारण इस धाम का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि जिन श्रद्धालुओं को इस पवित्र यात्रा का अवसर मिलता है, वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं। समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि दुर्गम हिमालयी मार्गों और प्रतिकूल मौसम की चुनौतियों के बीच अमरनाथ यात्रा पूरी करना श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, धैर्य और साहस का परिचायक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यता है कि बाबा बर्फानी के दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और मोक्ष की प्राप्ति का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं के लिए सुनील ठुकराल मिक्की की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर श्री अमरनाथ जी सेवा मण्डल के अध्यक्ष अजय चड्डा, संस्थापक सुनील ठुकराल, राजन राठौर, हरमीत सिंह रंधावा, हैप्पी रंधावा, करण कुमार, सागर शर्मा, मदन लाल गुंबर, राजकुमार नारंग, हरबंस गुंबर, किशन सुखीजा, राकेश सुखीजा, अमित अरोड़ा बॉबी, सुरेंद्र छाबड़ा, गौरव अनेजा, नंद लाल शर्मा, राजू पांडे, संतोष यादव, रवि गुलाटी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
