विकास कार्यों के लिए 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए लगभग 28 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ में ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग सहित विभिन्न विकास कार्यों हेतु 97.09 लाख रुपये तथा विकासखंड मूनाकोट की ग्राम पंचायत भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भूड़ महोलिया में चार बीघा भूमि पर छठ पूजा स्थल निर्माण के लिए 2.70 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार श्री मप्रहेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेड़ा से भट्टयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये मंजूर किए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र में ग्राम सूर्यनगर और ग्राम शांतिपुरी नंबर चार के मध्य गोला नदी पर 250 मीटर स्पान के पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भीमताल नैकुचियाताल मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से छह तक 30 एमएमबीसी के माध्यम से सुधारीकरण कार्य के लिए 2.46 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार जिले के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में अकबरपुर, खुण्डेवाली, लोदीवाला से झबरेड़ा नगर पंचायत तक मार्ग के पीसी कार्य के लिए 66.68 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना परिसर में टाइप तीन के छह आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इस परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी किए जाने के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया है।
