Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंची धाम में नशे में धुत पर्यटकों का हाईवे पर तांडव,होम स्टे संचालक से मारपीट

होम स्टे संचालक से मारपीट के बाद भागते समय तीन वाहनों को मारी टक्कर
भवाली(उद संवाददाता)। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के समीप शुक्रवार देर रात नशे में धुत युवकों ने हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया। होम स्टे संचालक के साथ मारपीट करने के बाद स्कॉर्पियो से भाग रहे युवकों ने रास्ते में तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने पीछा कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो से कुछ युवक देर रात कैंची धाम क्षेत्र पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर उनका एक होम स्टे संचालक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने संचालक के साथ मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखते ही आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भवाली की ओर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने रास्ते में तीन अलग अलग वाहनों को टक्कर मार दी। एक कार में सवार महिला घायल हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों की लापरवाह ड्राइविंग से हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और अन्य वाहन चालकों में भी दहशत फैल गई। भागने के दौरान आरोपियों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने सभी युवकों को मौके से हिरासत में लेकर कैंची धाम पुलिस चौकी पहुंचाया। कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि सभी आरोपियों का भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस होम स्टे संचालक के साथ मारपीट, सड़क दुर्घटना तथा अन्य संबंधित धाराओं में मामले की जांच कर रही है। वहीं हादसे में घायल महिला की हालत पर भी नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *