जमीन दिलाने के नाम पर 1.60 करोड़ की ठगी
काशीपुर(उद संवाददाता)। ग्राम रायपुर खुर्द में हाईवे से सटी जमीन दिलाने के नाम पर दिल्ली के एक व्यक्ति से 1-60 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि रकम मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। आईटीआई पुलिस को दी तहरीर में नीरज कुमार ने कहा है कि बदरपुर, दिल्ली निवासी आयुष के जरिए उसकी पीयूष से दोस्ती हुई थी। 16 मार्च 2026 को पीयूष ने उसे अमन रंधावा से मिलवाया। अमन ने बताया कि उसके बॉस को उत्तराखंड में प्रॉपर्टी खरीदनी है। इस पर पीयूष ने नीरज को काशीपुर के ग्राम रायपुर खुर्द में 20 बीघा जमीन दिखाई और कहा कि ये जमीन 70 लाख रुपये प्रति बीघा मिल रही है। जिसे हम 79 लाख में अमन के बॉस को बेच सकते हैं। 18 मार्च 2026 को नीरज की मुलाकात जमीन के मालिक चमकौर उर्फ सोनी से कराई गई। सौदा 1.30 करोड़ रुपये में तय हुआ। इसमें नीरज ने 10 लाख रुपये नगद, 29 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर और 91 लाख रुपये के 4 चौक चमकौर को दे दिए। नीरज का कहना है कि पीयूष और अमन ने उसकी मुलाकात रुद्रपुर के एक होटल में तथाकथित बॉस से कराई और 79 लाख प्रति बीघा में जमीन का सौदा तय करा दिया। बयाने के तौर पर उसे 5 लाख रुपये भी दिए गए। कुछ दिन बाद जब नीरज ने बकाया रकम मांगी तो पीयूष और अमन ने कहा कि बॉस के लीगल एडवाइजर जयसूर्या जमीन की जांच करेंगे तभी पैसा मिलेगा। बात कराने पर जयसूर्या ने फोन पर 30 लाख रुपये मांगे। 26 मार्च 2026 को नीरज ने हरिद्वार में जयसूर्या के भांजे रोहित दिवाकर को 30 लाख रुपये नगद दे दिए। नीरज का कहना है कि इसके बाद रकम मांगने पर आरोपी टालमटौल करने लगे। आरोप है कि चमकौर ने उसके दिए हुए चौक बाउंस करा दिए। विरोध करने पर पीयूष और अमन ने जान से मारने की धमकी दी। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
