पंतनगर में नाबालिग बच्चियों से छेड़छाड़,हंगामा
पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार करने वाली एक बेहद शर्मनाक और संवेदनशील घटना सामने आई है। विश्वविद्यालय परिसर के भीतर कुछ मासूम नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता किए जाने के बाद पूरे इलाके में जबरदस्त उबाल है। घटना से आक्रोशित पीड़ित परिजनों और सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार की देर रात पंतनगर कोतवाली का घेराव कर भारी हंगामा किया। जनता के भारी गुस्से और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेका कर्मी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम को कुछ नाबालिग बच्चियां पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के भीतर ही टहलने और घूमने के लिए निकली थीं। इसी दौरान विश्वविद्यालय परिसर में ही कार्यरत एक ठेका कर्मी, जिसकी पहचान दीपक शर्मा के रूप में हुई है, ने बच्चियों को अकेला पाकर उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोपी ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील व अभद्र व्यवहार किया। सहमी हुई बच्चियां किसी तरह सूझबूझ दिखाकर आरोपी के चंगुल से छूटकर भागते हुए अपने घर पहुंचीं। रोती-बिलखती बच्चियों ने जब अपने परिजनों को इस आपबीती की जानकारी दी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घिनौनी वारदात की सूचना मिलते ही पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्रें में तीव्र आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते पीड़ित परिजनों के साथ सैकड़ों स्थानीय नागरिक और विशेष रूप से भारी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर पंतनगर कोतवाली पहुंच गईं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए देर रात तक कोतवाली परिसर में जमकर हंगामा किया, जिससे माहौल बेहद तनावपूर्ण बना रहा। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना था कि पंतनगर विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित, अनुशासित और सुरक्षित माने जाने वाले शैक्षणिक परिसर में इस तरह की वारदात को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि बेटियां विश्वविद्यालय परिसर के अंदर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो उनकी सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को तत्काल कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ठेका कर्मी दीपक शर्मा को तत्काल हिरासत में ले लिया।
