कमरे में मिला सिडकुल कर्मी का सड़ा गला शव
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैम्प कोतवाली क्षेत्र की नारायण कालोनी में आज प्रातः सिडकुल की एक कम्पनी में काम करने वाले व्यक्ति का उसके कमरें में सडी गली अवस्था में चारपाई पर शव पड़ा पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरें का निरीक्षण करने के बाद शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना मिलने पर परिजन भी आ गये। जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम हरसू नगला, पोस्ट अहरो थाना मिलक रामपुर निवासी 39 वर्षीय राजेन्द्र कुमार पुत्र स्व- ओमप्रकाश अविवाहित था और नारायण कालोनी में करीब दो वर्ष से किरायेदार के रूप में रहकर सिडकुल की एमएमटी कम्पनी में काम करता था। बताया जाता है कि राजेन्द्र पिछले चार दिनों से ड्यूटी नहीं गया था। आज प्रातः मकान स्वामी की पुत्री जब राजेन्द्र के कमरे की ओर गई तो वहां से तीखी दुर्गंध आने पर उसने परिजनों को बताया। परिजनों ने देखा राजेन्द्र का शव चारपाई पर पड़ा हुआ है। मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और कमरे का निरीक्षण किया जहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने भवन स्वामी से आवश्यक जानकारी लेकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक राजेन्द्र चार भाईयों में तीसरे नम्बर का था। मृतक के शव की नाक से खून बहने और गला नीला होने के कारण अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है कि मृतक राजेन्द्र ने मौत से पहले किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
