जनसुनवाई में मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
कहा- जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा प्रवास के दौरान शनिवार रात लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। देर शाम तक चली जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होगी और लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व, सिंचाई, स्वास्थ्य तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने अधिकांश मामलों में मौके पर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए। जिन मामलों में विस्तृत कार्रवाई अपेक्षित थी, उनमें शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मोर्या, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जाधारी राज्य मंत्री विनय रुहेला, रणजीत सिंह नामधारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान उनके द्वार तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
