मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली,साथी फरार
हरिद्वार (उद संवाददाता)। बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और पूर्व में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार कांबिंग अभियान चला रही है।पुलिस के अनुसार देर रात बुग्गावाला थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ उत्तर प्रदेश सीमा से थाना क्षेत्र के बंजारावाला की ओर गश्त और सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम बंजारावाला की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए।इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम लुकमान पुत्र गुफरान निवासी ग्राम गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा नौ जून को अमानतगढ़ स्थित एक फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से संबंधित पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद किया गया।घायल बदमाश को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान गुलजार निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा क्षेत्र में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
