मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ किया योगाभ्यास
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का किया आ“वान
देहरादून (संवाददाता)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने योग को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए प्रदेशवासियों से नियमित योग अपनाने और 21 जून को आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर भाग लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिला है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में अपनाया जा रहा है। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का ऐसा अमूल्य उपहार है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, अनुशासित और सकारात्मक बनाने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक तनाव से भी मुक्त रहता है। योग आत्मानुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है तथा व्यक्ति को ऊर्जावान और सक्रिय जीवन जीने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके लिए आवश्यक है कि लोग योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और परिवार तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा योग को जन आंदोलन बनाने में सक्रिय योगदान देने का आ“वान किया।
