Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बैरागीवाला में बवाल के बाद 25 से ज्यादा मुस्लिम परिवारों ने छोड़ा अपना घर,उपद्रवियों कि तलाश शुरू

देहरादून। विकासनगर के सहसपुर के बैरागीवाला में बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बैरागीवाला में 25 से ज्यादा मुस्लिम परिवारों ने रातों रात अपना घर छोड़ अपने रिश्तेदारों के घर चले गए हैं। हत्या और हत्या के बाद हुए हंगामे, आगजनी और तोड़फोड़ की घटना के बाद से हालात ये हैं कि अब इस इलाके कि गलियों में बस सन्नाटा पसरा हुआ है।विकासनगर के बैरागीवाला में बीजेपी नेता विनोद कश्यप हत्या के बाद पूरे इलाके में ऐसा बवाल हुआ जिसने बैरागीवाला की पूरी तस्वीर ही बदलकर रख दी। खेत में पानी लगाने को लेकर हुई विनोद कुमार की हत्या के बाद बैरागीवाला में सांप्रदायिक ताना बाना झुलस गया। आरोपियों के घरों में आगजनी हुई। प्रशासन की ओर से आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया गया। पुरानी रंजिश ने विनोद कश्यप की जान ले ली और इसी मौत से उपजी नफरत ने पूरे इलाके का सुख चैन छीन लिया। बताया जा रहा है कि विनोद की हत्या के मुख्य आरोपी मासूम अली के परिवार के कई लोगों ने बैरागीवाला की सरकारी जमीनों पर कब्जा किया था। जिसकी शिकायत विनोद कश्यप ने पुलिस से लेकर स्थानीय प्रशासन से भी की थी। विवाद के एक वजह ये भी थी। जिस वजह से विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई। बीजेपी नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद लोगों के अंदर इतना गुस्सा भर गया कि बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद जैसे कई संगठनों के साथ ही स्थानीय लोग भी सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपियों के घरों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जब प्रशासन ने हिंदूवादी नेताओं की बात अनसुनी की तो नाराज हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओ ने खुद ही दो आरोपियों के घरों में आग लगा दी। जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और सांप्रदायिक तनाव ऐसा फैला कि मुस्लिम परिवार रात के अंधेरे में ही अपने घरों पर ताले लगाकर अपने रिश्तेदारों के घर चले गए। डर का आलम ये था कि कुछ परिवार तो जल्दबाज़ी में घर का दरवाजा तक खुला छोड़ गए। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मामला शांत कराने के लिए बयान दिया कि जो भी कार्रवाई हो कानून के दायरे में हो और कानून सख्त से सख्त एक्शन ले। लेकिन कानून के दायरे से बाहर कुछ भी नहीं किया जाए। उनके इस बयान के बाद वो भी इन हिंदूवादी संगठनों के निशाने पर आ गए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि बैरागीवाला में कई घंटो तक आगजनी और तोड़फोड़ के साथ-साथ देहरादून यमुनोत्री मार्ग को बाधित करने वाले 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवकों पर हमला, आगजनी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही वीडियो को खंगालने के बाद उपद्रवियों को चिन्हित कर गिरफ़्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *